ड्यूटी के दौरान राइफल से चली गोली, गाजीपुर की महिला कांस्टेबल की मौत….।

तीन महीने पहले ही पूरी की थी पुलिस ट्रेनिंग, जून में कौशांबी महिला थाने में हुई थी पहली तैनाती; सिखड़ी गांव में पसरा मातम….।
गाजीपुर/दुल्लहपुर।
कौशांबी के महिला थाने में मंगलवार सुबह ड्यूटी के दौरान राइफल से अचानक गोली चलने से गाजीपुर की महिला कांस्टेबल प्रियंका यादव (28) की मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही प्रियंका के पैतृक गांव सिखड़ी में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया कि दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के सिखड़ी गांव निवासी प्रियंका यादव मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे कौशांबी महिला थाने में ड्यूटी पर थीं। वह कार्यालय के बाहर गेट के पास कुर्सी पर बैठने जा रही थीं , तभी अचानक उनकी राइफल से गोली चल गई। गोली गले को चीरते हुए जबड़े के रास्ते बाहर निकल गई। फायरिंग की आवाज सुनकर थाने में अफरा-तफरी मच गई।
साथी पुलिसकर्मी तत्काल प्रियंका को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
तीन महीने पहले ही पूरी की थी ट्रेनिंग
प्रियंका यादव ने करीब तीन महीने पहले ही पुलिस प्रशिक्षण पूरा किया था। जून के अंतिम सप्ताह में उनकी पहली तैनाती कौशांबी महिला थाने में हुई थी। पुलिस सेवा शुरू किए अभी कुछ ही समय हुआ था कि यह दर्दनाक हादसा हो गया।
सेवानिवृत्त फौजी की बेटी थीं प्रियंका
प्रियंका के पिता रविंद्र यादव सेना से सेवानिवृत्त हैं। परिवार सिखड़ी बाजार में सरिया, गिट्टी और बालू का कारोबार करता है। तीन भाई-बहनों में प्रियंका सबसे बड़ी थीं। उन्होंने मथुरा में रहकर बीएससी की पढ़ाई की थी। उनके छोटे भाई सूरज स्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि बहन प्रीति नोएडा में बीकॉम की पढ़ाई कर रही हैं।
बेटी की मौत की खबर से परिवार में कोहराम
प्रियंका की मौत की सूचना मिलते ही पिता रविंद्र यादव समेत परिवार के अन्य सदस्य कौशांबी के लिए रवाना हो गए। बेटी की अचानक मौत की खबर से परिवार सदमे में है। घटना की जानकारी गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित परिजनों के घर पहुंचने लगे। पूरे गांव में मातम का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
ASP अमिता सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में राइफल से अचानक गोली चलने की बात सामने आई है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और राइफल को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। पुलिस CCTV फुटेज खंगालने के साथ ही थाने में मौजूद साथी पुलिसकर्मियों से भी पूछताछ कर रही है।
घटना की जांच सीओ सदर सौरभ सामंत के नेतृत्व में गठित टीम कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही गोली चलने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।



