Blog

ओमप्रकाश राजभर का पीडीए पर तंज—पी से पहले 2017 में हारे, डी से दोबारा 2022 में हारे, ए से अब 2027 में फिर हारेंगे…।

पीडीए पर तंज—पी से पहले 2017 में हारे, डी से दोबारा 2022 में हारे, ए से अब 2027 में फिर हारेंगे…..।

गाजीपुर।

उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। भाजपा के संगठन मंत्री विनोद तावड़े को अखिलेश यादव द्वारा ‘पागल’ कहे जाने के सवाल पर राजभर ने पलटवार करते हुए कहा कि अखिलेश यादव खुद पागल हो गए हैं और जिस राजनीतिक ट्रैक पर चल रहे थे, उससे उतर चुके हैं।

मंगलवार को गाजीपुर में आंगनबाड़ी महिला कार्यकर्ताओं के बढ़े हुए मानदेय को लेकर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे राजभर ने पत्रकारों से बातचीत में सपा अध्यक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने अखिलेश यादव के पीडीए फार्मूले पर तंज कसते हुए कहा कि पहले वे एक्सप्रेस-वे पर चले, फिर टू-लेन और उसके बाद सिंगल लेन पर आ गए। अब वे पगडंडी की ओर बढ़ रहे हैं। यानी उनका राजनीतिक ट्रैक लगातार बदलता जा रहा है।

राजभर ने अपने अंदाज में पीडीए की नई व्याख्या करते हुए कहा, “पी यानी पहले 2017 में हारे, डी यानी दोबारा 2022 में हारे और ए यानी अब 2027 में फिर हारेंगे।” उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भी अखिलेश यादव को हार का सामना करना पड़ेगा।

यादव समाज और कार्यकर्ताओं से भेदभाव का आरोप

कैबिनेट मंत्री ने अखिलेश यादव पर अपने ही यादव समाज और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। उन्होंने आजमगढ़ में सपा विधायक और कार्यकर्ता के बीच हुई मारपीट का उदाहरण देते हुए कहा कि इससे पार्टी के भीतर की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। राजभर ने दावा किया कि अखिलेश यादव अपने ही यादव मतदाताओं और कार्यकर्ताओं के साथ न्याय नहीं कर रहे हैं।

सपा सरकार के कार्यकाल पर भी उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि उस समय बाल पुष्टाहार की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठते रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के दौरान मंत्री स्तर पर गाय-भैंसों को चारा खिलाने तक की बातें सामने आती थीं।

आंगनबाड़ी मानदेय पर गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय का जिक्र करते हुए राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी सरकार के समय आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को चार हजार रुपये मानदेय मिलता था। योगी आदित्यनाथ सरकार ने इसे पहले बढ़ाकर आठ हजार रुपये किया और अब बढ़ाकर 12 हजार रुपये कर दिया गया है।

सहारनपुर मस्जिद कार्रवाई पर भी विपक्ष को घेरा

सहारनपुर में मस्जिद पर हुई कार्रवाई को लेकर पूछे गए सवाल पर ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि कार्रवाई न्यायालय के नोटिस के बाद हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सपा और कांग्रेस सत्ता में थीं, तब उन्होंने इस मामले का संज्ञान क्यों नहीं लिया। उनका कहना था कि यदि समय रहते कार्रवाई की गई होती तो आज ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती।

राजभर ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस मुस्लिम वोटों को साधने के लिए इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं और बयानबाजी कर रहे हैं।

कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी को हार का सामना करना पड़ेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button