गाजीपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया दशहरा, 60 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन….।
लंका मैदान में उमड़ी भारी भीड़, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा पूरा परिसर....।

गाजीपुर ।
जिले में विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के ऐतिहासिक लंका मैदान में 60 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। रावण दहन देखने के लिए मैदान में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। जय श्रीराम के गगनभेदी जयघोष के बीच रावण दहन का कार्यक्रम संपन्न हुआ ।
विजयादशमी के अवसर पर लंका मैदान में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ मैदान पहुंचे और इस पारंपरिक आयोजन के साक्षी बने। रावण के पुतले का दहन होते ही पूरा परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। लोगों ने उत्साह के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक दशहरा पर्व को मनाया ।

गौरतलब है कि गाजीपुर के लंका मैदान में सैकड़ों वर्षों से रामलीला का मंचन होता आ रहा है। इसी परंपरा के तहत प्रत्येक वर्ष विजयादशमी के दिन रावण दहन का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी परंपरा को कायम रखते हुए धूमधाम से दशहरा मनाया गया और 60 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन कर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया ।














