गंगा नदी में साड़ी से बंधे मिले दो सगी बहनों के शव, मां ने नदी में फेंकने की बात कबूली…।
गाजीपुर के रामेश्वर घाट पर पांच दिन बाद मिले शव, पति से अनबन के बाद मायके में रह रही थी महिला..।

गाजीपुर ।
रिश्तों को झकझोर देने वाली एक घटना में दो मासूम सगी बहनों के शव गाजीपुर के रामेश्वर घाट पर गोमती नदी में मिले। दोनों बच्चियों के शव साड़ी से बंधे हुए थे। पुलिस के अनुसार, बच्चियों की मां ने पूछताछ के दौरान उन्हें साड़ी से बांधकर नदी में फेंकने की बात स्वीकार की है। घटना के पीछे पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत बच्चियों की पहचान साक्षी यादव (12 वर्ष) और मीनाक्षी यादव (8 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आजमगढ़ जिले के देवगांव थाना क्षेत्र के कपसेठा गांव निवासी सत्येंद्र यादव की बेटियां थीं। उनका ननिहाल जौनपुर जिले के केराकत थाना क्षेत्र में है।
बताया गया कि 13 अक्टूबर को दोनों बच्चियों के नाना ने केराकत थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस बच्चियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि एक महिला अर्धनग्न अवस्था में दिखाई दी है। उसके साथ पहले दो बच्चियां थीं, लेकिन बाद में वे उसके साथ नजर नहीं आईं।
सूचना मिलने पर केराकत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को थाने ले जाकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान महिला ने स्वीकार किया कि उसने अपनी दोनों बच्चियों को साड़ी से बांधकर गोमती नदी में फेंक दिया था। इसके करीब पांच दिन बाद दोनों बच्चियों के शव गाजीपुर के सैदपुर झेत्र की गंगा नदी में बहता दिखाई दिया था जो बाद में नगर के रामेश्वर गंगा घाट से बरामद हुए। शवों के साड़ी से बंधे होने की बात भी सामने आई है।
पति से अनबन की बात आई सामने
पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर बताया कि उसका पति से कुछ समय से विवाद चल रहा था। वह करीब सात महीने पहले अपने मायके आ गई थी। महिला के अनुसार, उसने घटना वाले दिन अपने पति को फोन कर घर वापस आने की इच्छा जताई थी। इस पर पति ने कथित तौर पर कहा कि वह अपनी मर्जी से गई थी और अब खुद ही वापस आ जाए, वह उसे लेने नहीं आएगा।
इस बाबत खुदाईपुरा चौकी इंचार्ज विजय कुमार ने बताया कि मृतक बच्चीयों के पिता से बात हो गई है वह अपनी बच्चीयों के शव को लेने के लिए गाजीपुर आ गए है । विधिक कार्यवाही के उपरांत शव उनको सौप दिया जाएगा ।
फिलहाल, इस हृदयविदारक घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। मामले में पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई से संबंधित विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।















