जमानिया में 4.78 क्विंटल अवैध पटाखे बरामद, तीन गिरफ्तार…..।
गोदाम में रखा था करीब 4.50 लाख रुपये का पटाखा, बिना लाइसेंस भंडारण और बिक्री का आरोप...।

गाजीपुर ।
दीपावली के त्योहार से पहले गाजीपुर पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जमानिया कस्बे में एक गोदाम से 4 क्विंटल 78 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को जमानिया थाना पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान उपनिरीक्षक राजकुमार यादव अपनी टीम के साथ सोनार टोली कस्बा जमानिया स्थित औरंगजेब खान के गोदाम पहुंचे। वहां से भारी मात्रा में पटाखे और आतिशबाजी की सामग्री बरामद हुई। जांच में पटाखों के भंडारण और बिक्री के लिए आवश्यक लाइसेंस नहीं होने की बात सामने आई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने औरंगजेब खान पुत्र इकबाल खान निवासी सुभान टोली, इश्तियाक पुत्र शकूर खान निवासी सुभान टोली और मोहम्मद अर्श पुत्र रेयाज अहमद निवासी पुरानी मंडी, जमानिया को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में जमानिया थाने में मुकदमा अपराध संख्या 348/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम, 1984 की धारा 5/9बी में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित इश्तियाक के खिलाफ वर्ष 2018 में भी जमानिया थाने में मारपीट, बलवा, घर में घुसने और धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। अन्य दो आरोपितों का नाम इस मामले में दर्ज नए मुकदमे में सामने आया है।
यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह और उपनिरीक्षक राजकुमार यादव के नेतृत्व में जमानिया थाना पुलिस टीम ने की।















