
गाजीपुर ।
अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बहरियाबाद पुलिस ने शनिवार को चार वारंटियों को गिरफ्तार किया। चारों आरोपी गाजीपुर न्यायालय और जखनियां ग्राम न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट (NBW) के मामलों में काफी समय से वांछित चल रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी न्यायालय में पेश नहीं हो रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर 2026 को उपनिरीक्षक उमेश चन्द्र यादव ने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को उनके निवास स्थान से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश यादव उर्फ पप्पू (45 वर्ष), निवासी फातिमपुर, थाना भुड़कुड़ा; पारस (66 वर्ष), निवासी खाजेपुर नौरंगाबाद; अशोक राम (35 वर्ष) और रामबचन राम (66 वर्ष), दोनों निवासी पलिवार, थाना बहरियाबाद, जनपद गाजीपुर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ दर्ज मामलों में मारपीट, गाली-गलौज और चोट पहुंचाने से संबंधित धाराएं शामिल हैं। इनमें भारतीय दंड संहिता की धारा 323, 504 और 326 के साथ एससी/एसटी अधिनियम की धाराएं 3(2)(v) एवं 3(1)(द) से संबंधित मामला भी शामिल है। इसके अतिरिक्त जखनियां न्यायालय में विचाराधीन दो अन्य मामलों में भी वारंट जारी थे।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक उमेश चन्द्र यादव और थाना बहरियाबाद के हमराह पुलिसकर्मी शामिल रहे।















