Blog

गाजीपुर में 90 लाख की हेरोइन के साथ बिहार का तस्कर गिरफ्तार…।

नोनहरा के ग्रीन फील्ड के पास एएनटीएफ ने दबोचा, मोबाइल और बैंक कार्ड समेत अन्य सामान बरामद...।

 

गाजीपुर ।

अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एएनटीएफ थाना गाजीपुर की टीम ने एक सक्रिय तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 459 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक आईफोन, एक अन्य मोबाइल फोन, दो एचडीएफसी बैंक कार्ड, एक अन्य कार्ड, 350 रुपये नकद और एक मारुति सुजुकी ऑल्टो कार भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के बक्सर जनपद के डुमरांव थाना क्षेत्र के अपकारी गली वार्ड नंबर 33 निवासी विपिन दुबे के पुत्र कृष्णा कुमार दुबे (करीब 26 वर्ष) के रूप में हुई है। उसे एक नवंबर को थाना नोनहरा क्षेत्र के एकडंगा सुग्गुडी ग्रीन फील्ड के पास से गिरफ्तार किया गया।

व्हाट्सएप कॉल के जरिए हुई तस्करी की साजिश

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बिहार के बलिया जनपद के नरही थाना क्षेत्र के यशवंत नामक व्यक्ति ने उसे हेरोइन उपलब्ध कराई थी। यशवंत ने उसका मोबाइल नंबर 9250500948 दिया था। आरोपी के मुताबिक, उसे चितबड़ा गांव मोड़ पर हेरोइन देकर बताया गया कि नोनहरा क्षेत्र में ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे पर एक व्यक्ति मिलेगा। उससे व्हाट्सएप कॉल के जरिए संपर्क कर हेरोइन सौंपनी थी और इसके बदले पैसे मिलने थे।

आरोपी ने बताया कि वह हेरोइन लेकर जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क में शामिल अन्य सहयोगियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज

इस मामले में थाना नोनहरा में मुकदमा अपराध संख्या 337/2026, धारा 8/21/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर रही है। मामले में तस्करी के नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में एएनटीएफ थाना गाजीपुर के प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र नाथ सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जयंत कुमार सिंह, अमित कुमार, प्रदीप कुमार और इंद्रपाल सिंह शामिल रहे। सहयोगी टीम में थाना नोनहरा के थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button