Blog

यातायात माह का शुभारंभ, एसपी ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी…।

हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के पालन का दिया संदेश, पूरे नवंबर चलेगा विशेष अभियान...।

 

गाजीपुर ।

सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिस कार्यालय परिसर से यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मोटरसाइकिल एवं ई-रिक्शा रैली के माध्यम से लोगों को सुरक्षित यातायात और सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश कुमार मिश्र ने पुष्पगुच्छ भेंट कर पुलिस अधीक्षक का स्वागत किया। रैली पुलिस कार्यालय से प्रारंभ होकर सांसद तिराहा, लंका, विशेश्वरगंज और रौजा होते हुए यातायात कार्यालय पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना पुलिस और प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन केवल चालान और दंड से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के अमूल्य जीवन की रक्षा के लिए आवश्यक है। वाहन चलाते समय थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को यातायात नियमों को अपनी दैनिक आदत में शामिल करना चाहिए।

उन्होंने बताया कि यातायात माह के दौरान जनपद के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों में सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों के बीच निबंध, चित्रकला और स्लोगन प्रतियोगिताओं के माध्यम से यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। प्रमुख चौराहों, तिराहों, बाजारों, बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष अभियान चलाकर वाहन चालकों को जागरूक किया जाएगा।

अभियान के तहत हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने तथा गलत दिशा में वाहन संचालन से बचने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। पंपलेट और जागरूकता संदेशों के माध्यम से भी यातायात नियमों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

दुर्घटना संभावित स्थलों और ब्लैक स्पॉट का चिह्नांकन कर वहां विशेष सतर्कता एवं निगरानी रखी जाएगी। ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, गलत दिशा में वाहन चलाने और नशे की हालत में वाहन संचालन सहित यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। व्यावसायिक और सार्वजनिक परिवहन के चालकों को भी सुरक्षित वाहन संचालन तथा निर्धारित क्षमता के अनुरूप सवारी बैठाने के लिए जागरूक किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त सड़क दुर्घटना में घायलों की सहायता करने, गोल्डन ऑवर के महत्व और नेक मददगार (गुड सेमेरिटन) की भूमिका के संबंध में भी लोगों को जानकारी दी जाएगी।

गाजीपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठा व्यक्ति दोनों हेलमेट का प्रयोग करें। चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट अवश्य लगाएं, नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने दें और यातायात संकेतों एवं नियमों का पूर्ण पालन करें। पुलिस ने कहा कि थोड़ी सी सावधानी किसी का पूरा जीवन बचा सकती है।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रभारी निरीक्षक यातायात सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और यातायात पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button