डीएम और जनपद न्यायाधीश ने राजकीय सम्प्रेक्षण गृह एवं प्लेस ऑफ सेफ्टी का किया निरीक्षण, लापरवाही पर दो कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब…।

गाजीपुर ।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं जनपद न्यायाधीश जयप्रकाश यादव ने संयुक्त रूप से राजकीय सम्प्रेक्षण गृह एवं राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया ।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बच्चों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सम्प्रेक्षण गृह में सीलिंग फैन के स्थान पर वॉल फैन लगाए जाएं। बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रोत्साहित करने के लिए परिसर में खेलकूद की समुचित व्यवस्था करने के साथ वॉलीबॉल कोर्ट का निर्माण कराने का भी निर्देश दिया। इसके अलावा परिसर की दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग कराने तथा नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सम्प्रेक्षण गृह एवं प्लेस ऑफ सेफ्टी में रहने वाले बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान दीवारों पर पेंटिंग कराने के कार्य में लापरवाही और शिथिलता पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
इस पर जिलाधिकारी ने प्रभारी अधीक्षक राम अचल एवं लिपिक संजय यादव से स्पष्टीकरण तलब करने के साथ ही उनका वेतन अवरुद्ध करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में दुरुस्त करने और दिए गए निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा ।















