Blog

चक्रवाती बारिश से फसल नुकसान पर किसान तत्काल करें सूचना, बीमा योजना के तहत मिलेगा मुआवजा…।

फसल क्षति के सर्वे के लिए जारी हुआ टोल फ्री नंबर 14447, किसानों को कृषि विभाग ने दी जरूरी सलाह...।

 

गाजीपुर ।

जनपद में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही चक्रवाती बारिश को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने किसानों से खरीफ की कटी हुई फसलों को सुरक्षित रखने की अपील करते हुए कहा है कि जिन किसानों की फसल अभी खेतों में खड़ी है और बारिश के कारण उसे नुकसान पहुंचा है, वे तत्काल इसकी सूचना प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के टोल फ्री नंबर **14447** पर दें।

कृषि विभाग के अनुसार, जिन किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अपनी फसलों का बीमा कराया है, वे निर्धारित टोल फ्री नंबर पर फसल क्षति की सूचना दर्ज कराएं, ताकि समय से सर्वे कराया जा सके और नियमानुसार क्षतिपूर्ति की कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

विभाग ने रबी की फसलों की सुरक्षा को लेकर भी किसानों को सतर्क किया है। जिन खेतों में सरसों, चना और मटर की बुवाई हो चुकी है, वहां जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने तथा खेतों में पानी जमा नहीं होने देने की सलाह दी गई है। मौसम की प्रतिकूल स्थिति को देखते हुए फिलहाल बुवाई, यूरिया एवं डीएपी खाद के प्रयोग और कीटनाशकों के छिड़काव से बचने को कहा गया है।

सब्जी एवं फल उत्पादक किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह देते हुए विभाग ने कहा है कि टमाटर और बैंगन की फसलों को गिरने से बचाने के लिए बांस के सहारे लगाएं। वहीं, केला एवं पपीता के बागों में अतिरिक्त सहारा दें। जिन खेतों में जलभराव की स्थिति है, वहां नालियां बनाकर पानी की निकासी सुनिश्चित करें।

कृषि विभाग ने खराब मौसम के दौरान किसानों को बिजली चमकने पर खुले खेतों में नहीं रहने तथा पशुओं को सुरक्षित शेड में रखने की अपील की है। साथ ही विद्युत उपकरणों और पंपसेट का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। विभाग ने किसानों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्कता बरतने और फसलों एवं पशुधन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आग्रह किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button