डीएम और एसपी ने जिला कारागार का किया औचक निरीक्षण, बैरकों से लेकर रसोईघर तक व्यवस्थाओं को परखा…।

गाजीपुर ।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से जिला कारागार गाजीपुर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं और साफ-सफाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने कारागार चिकित्सालय, महिला एवं पुरुष बैरकों तथा रसोईघर का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जेल में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की संचालन व्यवस्था भी जांची। कारागार चिकित्सालय में भर्ती बंदियों से मुलाकात कर उनकी बीमारियों, उपचार, खानपान एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
इसके बाद हवालात कार्यालय के स्टॉक रजिस्टर की जांच की गई और एक-एक कर सभी बैरकों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बंदियों के पहचान पत्रों पर दर्ज अगली पेशी की तारीख भी चेक की। रसोईघर के निरीक्षण के दौरान प्रतिदिन तैयार होने वाले भोजन के मेन्यू और भोजन की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने जेल अधीक्षक को स्पष्ट निर्देश दिया कि कारागार के अंदर किसी भी परिस्थिति में मोबाइल फोन अथवा अन्य प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रवेश नहीं करने चाहिए। इसके लिए नियमित रोस्टर तैयार कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए। उन्होंने जेल प्रशासन को कारागार की सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के प्रति विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।















