बिहार बॉर्डर के पास पशु तस्करी का भंडाफोड़, तीन पिकअप से 17 मवेशी बरामद, नौ तस्कर गिरफ्तार….।
गहमर पुलिस की कार्रवाई, तस्करी में प्रयुक्त तीनों वाहन सीज; नकदी और नौ मोबाइल भी बरामद....।

गाजीपुर।
पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गहमर पुलिस ने बिहार बॉर्डर के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन पिकअप वाहनों से क्रूरतापूर्वक लादकर ले जाए जा रहे 17 मवेशियों को बरामद किया है ।
पुलिस ने मौके से नौ आरोपितों को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त तीनों पिकअप वाहनों को सीज कर दिया है । गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से 24,240 रुपये नकद और विभिन्न कंपनियों के नौ मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं ।

पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर को गहमर थाना पुलिस ग्राम बारा स्थित बिहार बॉर्डर के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तीन संदिग्ध पिकअप वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहनों में भैंस, भैंसा, पड़वा और पड़िया समेत कुल 17 पशु क्रूरतापूर्वक बांधकर ठूंस-ठूंसकर ले जाए जा रहे थे। पशुओं को बिना चारा-पानी के परिवहन किया जा रहा था। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों में सवार नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया ।
गिरफ्तार आरोपितों में झारखंड के धनबाद जिले के कुंदन कुमार शर्मा, आफताब, तसलीम, सहीम, ताजुद्दीन और अमन शामिल हैं। वहीं बिहार के गया जिले के अमर कुमार यादव, दीपू कुमार और ओम प्रकाश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है ।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन संख्या JH10CU0129, BR02GD7606 और BR02GE1415 को जब्त कर चौकी सेवराई में खड़ा कराया है। बरामद सभी 17 पशुओं को सुरक्षित चौकी सेवराई में रखवाया गया है , जहां उनके लिए चारा-पानी, छाया और प्राथमिक चिकित्सकीय परीक्षण की व्यवस्था भी की गई है ।
इस मामले में थाना गहमर में मु0अ0सं0 237/2026 के तहत पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है । इस कार्रवाई में अतिरिक्त निरीक्षक विजय बहादुर सिंह और उनकी पुलिस टीम मुख्य रूप से शामिल रही ।















