Blog

गाजीपुर में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ , तीन गिरफ्तार ; 16 दोपहिया वाहन बरामद…।

स्वाट टीम और जंगीपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, बरामद वाहनों में एक का इंजन नंबर मिटाया गया था; चोरी के मुकदमों से जुड़ रहे तार...।

 

गाजीपुर ।

जनपद में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत स्वाट टीम और जंगीपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 16 दोपहिया गाड़ियां बरामद की हैं। बरामद वाहनों में एक मोटरसाइकिल का इंजन नंबर मिटाया गया था, जबकि अन्य वाहनों के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 27 और 28 अक्टूबर की मध्यरात्रि स्वाट टीम तथा जंगीपुर पुलिस की संयुक्त टीम को विश्वसनीय मुखबिर से मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की 16 दोपहिया गाड़ियां बरामद की गईं।

 छह मुकदमों से जुड़ा बरामद वाहनों का मामला —

पुलिस की प्रारंभिक जांच में बरामद मोटरसाइकिलों में से छह वाहनों के संबंध में गाजीपुर के कोतवाली, जंगीपुर, करंडा और सैदपुर थानों के साथ ही वाराणसी के चौबेपुर थाने में चोरी के मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। शेष बरामद वाहनों के संबंध में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है। इस बरामदगी से मोटरसाइकिल चोरी की अन्य घटनाओं के खुलासे की उम्मीद है।

तीनों आरोपी सादात क्षेत्र के निवासी —

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवेश राजभर (25), अतुल सिंह (करीब 29) और नीरज राजभर (करीब 26) के रूप में हुई है। तीनों गाजीपुर जिले के सादात थाना क्षेत्र के कटया गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में प्रवेश राजभर ने मुंबई में पेंटर का काम करने, अतुल सिंह ने प्राइवेट जांच संबंधी काम करने और नीरज राजभर ने घर पर रहकर कृषि कार्य करने की जानकारी दी है ।

 16 वाहनों में स्प्लेंडर और अन्य मॉडल शामिल —

पुलिस की ओर से जारी विवरण के अनुसार, बरामद वाहनों में स्प्लेंडर प्लस, सुपर स्प्लेंडर, स्प्लेंडर क्लासिक, बजाज एक्ससीडी, सीबीजेड एक्सट्रीम और एचएफ डीलक्स सहित विभिन्न मॉडल की मोटरसाइकिलें शामिल हैं। इनमें एक वाहन का इंजन नंबर और चेसिस नंबर अलग-अलग पाए गए हैं। बरामदगी के दौरान तीन मोबाइल फोन और करीब 450 रुपये नकद भी मिलने की जानकारी पुलिस ने दी है।

 कई मुकदमे दर्ज, पुलिस कर रही आगे की जांच —

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ जंगीपुर और सादात थानों में मोटरसाइकिल चोरी तथा अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों की पहचान करने, चोरी की अन्य घटनाओं से उनके संबंधों का पता लगाने और गिरोह के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।

इस कार्रवाई में स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह, जंगीपुर थाना प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश शाह सहित स्वाट टीम और जंगीपुर पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध और वाहन चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button