Blog

‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग….।

सीताराम लाम्बा और ओमप्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में सकलेनाबाद से डीएम कार्यालय तक निकाला पैदल मार्च,

 

1 नवंबर की दिल्ली रैली में भागीदारी की जनता से अपील….

गाजीपुर ।

कांग्रेस की राष्ट्रीय मुहिम ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ के तहत मंगलवार को गाजीपुर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर केंद्र की भाजपा सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ आवाज उठाई। एआईसीसी पर्यवेक्षक एवं राजस्थान के पूर्व मंत्री सीताराम लाम्बा तथा पीसीसी पर्यवेक्षक और पूर्व एमएलसी ओमप्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में सकलेनाबाद स्थित कांग्रेस कैंप कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसके बाद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सकलेनाबाद से लंका होते हुए कचहरी स्थित जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला ।

इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और मतदाताओं के मताधिकार की सुरक्षा की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था में निष्पक्ष चुनाव की आवश्यकता पर जोर दिया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीताराम लाम्बा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि वे भाजपा के पक्ष में काम कर रहे हैं और मोदी सरकार के इशारे पर चुनावी व्यवस्था को प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग भी उठाई। वहीं, ओमप्रकाश त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनावी व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के वोट की सुरक्षा सर्वोपरि है और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है।

1 नवंबर को दिल्ली में होगी महारैली….

इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल महारैली आयोजित की जाएगी। इस रैली में मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने तथा चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे। उन्होंने गाजीपुर के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचकर रैली में भाग लेने की अपील की।

जिलाध्यक्ष सुनील राम और शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने दिल्ली की महारैली में गाजीपुर से बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत चुनावी पारदर्शिता और मताधिकार की सुरक्षा के मुद्दे पर पार्टी का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button