Blog

गाजीपुर में PET परीक्षा को लेकर डीएम और एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण….।

नकलविहीन परीक्षा सम्पन्न कराने के निर्देश...।

19 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित परीक्षा में 68 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थियों की रही उपस्थिति…।

गाजीपुर ।

जनपद में आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सनबीम स्कूल, महाराजगंज तथा एवरग्रीन स्कूल का आकस्मिक निरीक्षण कर परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा कक्षों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अभ्यर्थियों के बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी सावधानी एवं सतर्कता के साथ संपन्न कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित और पारदर्शी रहनी चाहिए। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि परीक्षा सकुशल, निष्पक्ष एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न हो सके।

जनपद में PET परीक्षा के लिए कुल 19 केंद्र बनाए गए थे। प्रथम पाली में पंजीकृत 8,352 अभ्यर्थियों में से 5,693 उपस्थित रहे, जबकि 2,659 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार प्रथम पाली में अभ्यर्थियों की उपस्थिति 68.16 प्रतिशत रही।

वहीं, द्वितीय पाली में कुल 8,352 अभ्यर्थियों में से 5,687 ने परीक्षा दी, जबकि 2,665 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में उपस्थिति का प्रतिशत 68.09 रहा।

प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं की निगरानी करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button