पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त पाकर खिले किसानों के चेहरे , गाजीपुर के 4.28 लाख किसानों को मिले 85.79 करोड़ रुपये…।
अब तक जनपद के किसानों के खातों में पहुंच चुके हैं 1,999.56 करोड़ रुपये, 72 किसानों को निःशुल्क बीज मिनीकिट का भी वितरण...।

गाजीपुर ।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी होने से जनपद के लाखों किसानों के चेहरे खिल उठे। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा स्थित भीलड़ी से देशभर के किसानों के खातों में योजना की किस्त हस्तांतरित की। इस क्रम में जनपद गाजीपुर के 4,28,978 पात्र किसानों के बैंक खातों में कुल 85 करोड़ 79 लाख 56 हजार रुपये की धनराशि भेजी गई।
जिला सूचना विभाग के अनुसार, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत अब तक जनपद के किसानों को कुल 1,999.56 करोड़ रुपये की धनराशि वितरित की जा चुकी है। इस योजना के माध्यम से पात्र कृषक परिवारों को कृषि संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए निर्धारित वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खातों में उपलब्ध कराई जाती है ।
इस अवसर पर किसानों को योजना का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे, इसके लिए विभाग की ओर से उन्हें अपने बैंक खाते, आधार और ई-केवाईसी से संबंधित विवरण अद्यतन रखने की अपील की गई ।
कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक प्रमुख बिरनो राजन सिंह एवं एमएलसी प्रतिनिधि प्रदीप पाठक ने 72 किसानों को चना, मटर, मसूर और सरसों के बीज की निःशुल्क मिनीकिट वितरित की। बीज मिनीकिट पाकर किसानों ने प्रसन्नता जताई ।















