ब्लू बर्ड्स इंटरनेशनल स्कूल में डीएम-एसपी ने परखी PET परीक्षा की व्यवस्था, CCTV कैमरों का किया निरीक्षण…।
कंट्रोल रूम से लेकर परीक्षार्थियों की चेकिंग तक का लिया जायजा, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के दिए निर्देश...

गाजीपुर ।
प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) को पारदर्शी, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ आदर्श बाजार स्थित ब्लू बर्ड्स इंटरनेशनल स्कूल परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने केंद्र के कंट्रोल रूम में पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों के संचालन और निगरानी व्यवस्था की जांच की। इसके साथ ही परीक्षार्थियों की चेकिंग व्यवस्था तथा परीक्षा कक्षों का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया। उन्होंने यातायात पुलिस को निर्देशित किया कि आदर्श बाजार और परीक्षा केंद्र तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए। दूर-दराज से परीक्षा देने पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्राथमिकता है। परीक्षा के दौरान सुरक्षा, निगरानी और व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।















