नशे के खिलाफ सख्ती: मेडिकल स्टोरों पर सीसीटीवी अनिवार्य, हॉटस्पॉट चिह्नित कर होगी नियमित पेट्रोलिंग…।

गाजीपुर ।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एन-कार्ड की जनपद स्तरीय समिति की बैठक हुई। इसमें नशीली दवाओं एवं मादक पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने तथा युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि नशीली दवाओं की बिक्री करने वाले सभी मेडिकल स्टोरों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। नशे की बिक्री की आशंका वाले हॉटस्पॉट और सार्वजनिक स्थानों को चिह्नित कर वहां नियमित पुलिस पेट्रोलिंग की जाए। मेडिकल स्टोरों का समय-समय पर निरीक्षण और आकस्मिक चेकिंग कर उनके लाइसेंस की भी जांच की जाए।
उन्होंने अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर नशे के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। कहा कि छात्राओं और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति निरंतर जागरूक किया जाए तथा जरूरतमंदों की काउंसलिंग भी कराई जाए। उन्होंने वर्ष 2029 तक भारत को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में प्रभावी कार्रवाई पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने नशीली दवाओं और ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए अधिक से अधिक बरामदगी सुनिश्चित करने तथा सीजर सैंपल की आख्या निर्धारित समयसीमा में प्रेषित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल सोनकर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।















