Blog

गाजीपुर पुलिस का त्वरित एक्शन , ज्वेलरी शोरूम लूटकांड का तीन घंटे में खुलासा , चाचा-भतीजा मुठभेड़ में गिरफ्तार….।

पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों के पैर में लगी गोली, पांच सोने की चेन, दो पिस्टल और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद; तीसरे बदमाश की तलाश जारी....।

 

गाजीपुर ।

सदर कोतवाली क्षेत्र के बंसी बाजार स्थित संगिनी ज्वेलर्स शोरूम में हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। शुक्रवार शाम तीन हथियारबंद बदमाशों द्वारा फायरिंग कर छह सोने की चेन लूटने के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों के पैर में गोली लगी है। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान नोनहरा थाना क्षेत्र के खातीपुर गांव निवासी संजय कुमार दुबे और पुष्कर दुबे के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में चाचा-भतीजा हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की पांच सोने की चेन, दो पिस्टल, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल चारपहिया वाहन भी बरामद कर लिया गया है। घायल बदमाशों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब पौने सात बजे बंसी बाजार स्थित संजय कुमार वर्मा के संगिनी ज्वेलर्स शोरूम में तीन हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने फायरिंग कर दहशत फैलाते हुए छह सोने की चेन लूट लीं और चारपहिया वाहन से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके के व्यापारियों में दहशत फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस ने शहर की नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस टीम ने बदमाशों को घेर लिया। पुलिस के अनुसार, घिरने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, वारदात में शामिल तीसरे फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, लूट की एक चेन और तीसरे बदमाश की बरामदगी के साथ ही वारदात के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा करना पुलिस के सामने अभी भी चुनौती बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button