एक छत के नीचे मिलेगी सरकारी योजनाओं की जानकारी, आज जनपद न्यायालय में लगेगा वृहद विधिक सहायता शिविर….।

गाजीपुर ।
सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए अब आम लोगों को अलग-अलग विभागों के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनपद के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार, 1 नवंबर को जनपद न्यायालय परिसर में वृहद विधिक सहायता शिविर का आयोजन किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करने का प्रयास किया जाएगा।
शिविर की तैयारियों को लेकर न्यायालय परिसर में व्यवस्थाएं तेज कर दी गई हैं। विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को स्टॉल लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि शिविर में पहुंचने वाले लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी मिल सके।
इसी क्रम में जनपद न्यायालय के एडीजे प्रथम शक्ति सिंह ने शिविर स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शिविर को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया।
एडीजे प्रथम शक्ति सिंह ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। एक ही छत के नीचे विभिन्न विभागों की जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध होने से आम जनता को सहूलियत मिलेगी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में मदद मिलेगी।















