Blog

भगवान श्री चित्रगुप्त का वार्षिक पूजनोत्सव धूमधाम से संपन्न…।

वंदे भारत की महिला लोको पायलट श्रेणी श्रीवास्तव सम्मानित...।

गाजीपुर ।

ददरी घाट स्थित श्री चित्रगुप्त मंदिर परिसर में सोमवार को श्री चित्रगुप्त वंशीय सभा, गाजीपुर की ओर से भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज का वार्षिक सार्वजनिक पूजनोत्सव पारंपरिक श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। समारोह में वंदे भारत ट्रेन के कुशल संचालन में उल्लेखनीय योगदान देने वाली जनपद की प्रतिभाशाली बेटी एवं वाराणसी में कार्यरत महिला लोको पायलट श्रेणी श्रीवास्तव को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सदर विधायक जयकिशुन साहू तथा विशिष्ट अतिथि भगवद्गीता के विद्वान आचार्य गोपाल जी शास्त्री उपस्थित रहे। सुबह से ही मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। शाम 5:30 बजे आयोजित मुख्य पूजन समारोह में बड़ी संख्या में चित्रांश बंधुओं एवं नगरवासियों ने सहभागिता की। देर रात तक दर्शन-पूजन और प्रसाद ग्रहण करने का सिलसिला चलता रहा।

पूजनोत्सव के बाद आयोजित सांस्कृतिक समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक जयकिशुन साहू ने किया। इस दौरान अभिनय एकेडमी, बर्ड पब्लिक स्कूल, द ड्रीम्स डांस ग्रुप एवं धूम आर्केस्ट्रा के कलाकार बच्चों ने सामूहिक नृत्य, नृत्य नाटिका और आकर्षक झांकियों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं एंजेल चौरसिया, स्वाति श्रीवास्तव एवं प्रीति गुप्ता की एकल नृत्य प्रस्तुतियों को भी खूब सराहना मिली।

समारोह का प्रमुख आकर्षण वंदे भारत ट्रेन के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महिला लोको पायलट श्रेणी श्रीवास्तव का सम्मान रहा। संस्था की ओर से मुख्य अतिथि ने उन्हें स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया। संस्था ने इसे जनपद और कायस्थ समाज के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। इसके साथ ही वरिष्ठ आयकर अधिवक्ता अनिल श्रीवास्तव उर्फ गुलाब जी को संस्था के प्रति उनके योगदान एवं समर्पण के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर नीरज श्रीवास्तव, दिनेश श्रीवास्तव, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि विनोद अग्रवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील राम, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रविकांत राय, राजेश्वर सिंह, जनक कुशवाहा, हमीद सिद्दीकी, मनोनीत सभासद कमलेश श्रीवास्तव, एमएलसी आशुतोष सिन्हा के प्रतिनिधि पप्पू श्रीवास्तव, बंशीधर कुशवाहा, प्रमोद सिन्हा, विभोर श्रीवास्तव, अजीत नारायण लाल, मुनेंद्र श्रीवास्तव, अरविंद श्रीवास्तव एवं सुनील दत्त सहित अन्य गणमान्य लोगों को भी संस्था की ओर से सम्मानित किया गया।

संस्था के मंत्री अजय कुमार श्रीवास्तव ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त जी का वार्षिक पूजनोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। संस्था का प्रयास है कि नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं, संस्कारों एवं महापुरुषों के आदर्शों से जोड़ने के साथ समाज की प्रतिभाओं को उचित सम्मान दिया जाए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद शंकर श्रीवास्तव ने की। संचालन नवयुवक सभा के अध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव एवं राकेश वर्मा ने संयुक्त रूप से किया। अंत में आयोजकों ने अतिथियों, चित्रांश बंधुओं, मातृशक्ति, कलाकारों, सहयोगियों एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button