बिगड़ती कानून व्यवस्था पर कांग्रेस ने जताई नाराजगी, एसपी के नाम सीओ सिटी को सौंपा पत्रक…।
चोरी, छिनैती, लूट और हत्या की बढ़ती घटनाओं पर उठाए सवाल, सुधार नहीं हुआ तो सड़क से सदन तक होगा आंदोलन : सुनील राम

गाजीपुर ।
जनपद में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने पुलिस प्रशासन के प्रति गहरी नाराजगी जताई है। इस संबंध में कांग्रेसजनों ने पुलिस अधीक्षक के नाम संबोधित पत्रक सीओ सिटी अनिल कुमार को सौंपकर जनपद में कानून व्यवस्था दुरुस्त करने तथा आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जनपद में आए दिन चोरी, छिनैती, लूट और हत्या जैसी गंभीर घटनाएं हो रही हैं। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम नागरिकों में भय एवं असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। लगातार हो रही आपराधिक वारदातों से पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थिति यह है कि लोग अपने घरों, दुकानों और सड़कों पर भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे हैं।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि गाजीपुर में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार चिंताजनक होती जा रही है। चोरी, लूट, छिनैती और हत्या की घटनाओं से आम जनता परेशान है। ऐसा प्रतीत होता है कि अपराधियों में पुलिस का भय समाप्त हो गया है। पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करना है।
शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा कि केवल आपराधिक घटनाओं के बाद कार्रवाई का आश्वासन देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण धरातल पर दिखाई देना चाहिए। यदि शीघ्र ही कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करने के लिए बाध्य होगी।
कांग्रेसजनों ने मांग की कि जनपद में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता सुनिश्चित की जाए तथा लंबित आपराधिक मामलों का शीघ्र खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता में सुरक्षा की भावना और पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास कायम हो सके।
पत्रक सौंपने वालों में एआईसीसी सदस्य रविकांत राय, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. मारकंडेय सिंह, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय कुमार, जनक कुशवाहा, लाल साहब यादव, ज्ञान प्रकाश सिंह, चंद्रिका सिंह, राजीव सिंह, राजेश गुप्ता, हामिद अली, मंसूर जैदी, सदानंद गुप्ता, राशिद भाई, रईस अहमद, ओमप्रकाश यादव, विद्याधर पांडेय, जेपी पांडेय, डॉ. सुमेर कुशवाहा, शंभू कुशवाहा, इरफान खान, विनोद सिंह, आशुतोष गुप्ता, अखिलेश यादव, अयूब अंसारी, महेंद्र कुशवाहा, आलोक यादव, देवेंद्र सिंह, रमेश चंद्र गुप्ता, शशि भूषण राय, अछैबर बिंद, अवधेश भारती, कुंदन खरवार, गोपाल खरवार, पारस उपाध्याय, ताहिर अब्बासी, आसिफ खान, संजय सिंह, आशुतोष श्रीवास्तव, नंदू, हीराराम सिपाही और मृत्युंजय कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।













