गाजीपुर में टप्पेबाजों के बड़े गिरोह का भंडाफोड़, 9 शातिर गिरफ्तार; दो बाल अपचारी भी हिरासत में…।
भदौरा से बहरियाबाद तक चार थाना क्षेत्रों में की थी वारदातें, लाखों के जेवरात, नकदी, तमंचा और बाइक बरामद...।

गाजीपुर ।
जिले में टप्पेबाजी और चोरी की ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम देने वाले एक बड़े गिरोह का गहमर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। भदौरा, दिलदारनगर, शादियाबाद और बहरियाबाद थाना क्षेत्रों में हुई टप्पेबाजी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, 9,700 रुपये नकद और पीली धातु के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 17 नवंबर को गहमर थाने की सेवराई चौकी पुलिस और दिलदारनगर पुलिस की संयुक्त टीम रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान दोनों थानों की पुलिस के बीच क्षेत्र में हुई चोरी और टप्पेबाजी की घटनाओं को लेकर चर्चा चल रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि फरीदपुर पुलिया के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी और ठगी से हासिल किए गए सामान के बंटवारे तथा बिक्री की योजना बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही दोनों थानों की पुलिस ने बिना देर किए मौके पर घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर संदिग्धों में खलबली मच गई, लेकिन संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर नौ आरोपियों को दबोच लिया। साथ ही दो बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया।
तलाशी के दौरान विकेश उर्फ छांगुर डोम के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वहीं, गिरफ्तार सुनार रितिक वर्मा के कब्जे से विभिन्न घटनाओं से संबंधित पीली धातु के आभूषण मिले। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 9,700 रुपये नकद और घटनाओं में इस्तेमाल की जाने वाली बिना नंबर प्लेट की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी बरामद की।
गिरफ्तार आरोपियों में विकेश उर्फ छांगुर डोम, करन डोम, पवन डोम, करिया उर्फ जितेंद्र डोम, विजय उर्फ पाल डोम, बिलाई उर्फ बिल्ला, रंगी डोम, डब्लू डोम और सुनार रितिक वर्मा शामिल हैं। इनमें कई आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। विकेश उर्फ छांगुर के खिलाफ गाजीपुर के विभिन्न थानों में एनडीपीएस, धोखाधड़ी, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, करन, पवन और विजय उर्फ पाल के खिलाफ भी चोरी, ठगी और अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के तार जिले के कई थाना क्षेत्रों में हुई घटनाओं से जुड़े मिले हैं। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास और बरामदगी के आधार पर पुलिस अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी पड़ताल कर रही है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल, 9,700 रुपये नकद, दो जोड़ी पीली धातु के कान के झाले, दो जोड़ी कर्णफूल और दो पीली धातु के लॉकेट बरामद किए हैं।
यह पूरी कार्रवाई सेवराई चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक शिवप्रसाद पाण्डेय, दिलदारनगर के उपनिरीक्षक राजेश कुमार सिंह और उपनिरीक्षक हरि माधव पाण्डेय की टीम ने संयुक्त रूप से की। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।













