एक करोड़ की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार…।
सेमरा हाइवे पर वाहन चेकिंग के दौरान कोतवाली पुलिस को मिली सफलता, बाइक और दो मोबाइल भी बरामद....।

गाजीपुर, 7 अक्टूबर ।
अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने बुधवार को सेमरा हाइवे स्थित एनएच-31 के बस स्टैंड के पास से दो कथित मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 534 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 3 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक शिवाकान्त मिश्रा और विवेक कुमार पाठक की टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एनएच-31 स्थित सेमरा बस स्टैंड के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उनके पास से 534 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहुल यादव (20) पुत्र वकील यादव, निवासी भनदहा कला, थाना चौबेपुर, जनपद वाराणसी और रवि राजभर (22) पुत्र नागेन्द्र राजभर, निवासी कौला जखनिया, थाना भुड़कुड़ा, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (UP62 CX6973) और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
इस संबंध में थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 760/2026, धारा 8/21/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सीओ सिटी अनिल कुमार ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तथा नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस टीम की इस कार्रवाई के लिए उसे पुरस्कृत किए जाने की बात भी कही गई है।















