Blog

मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सपाइयों ने किया नमन, मेडिकल कॉलेज में मरीजों को बांटे फल….।

समता भवन में विचार गोष्ठी आयोजित, नेताजी के संघर्ष, सामाजिक न्याय और समाजवादी विचारधारा को किया याद....।

 

गाजीपुर ।

समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव की जयंती रविवार को पार्टी कार्यालय समता भवन में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विचार गोष्ठी आयोजित कर सपाइयों ने नेताजी के संघर्षपूर्ण जीवन, राजनीतिक योगदान और समाजवादी विचारधारा को याद करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। वहीं, जंगीपुर विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव के सौजन्य से मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीजों के बीच फल वितरित कर जनसेवा का संदेश दिया गया।

जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव की अध्यक्षता में आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव ने अपना पूरा जीवन गरीबों, किसानों, मजदूरों, नौजवानों, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की लड़ाई के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करते हुए समाज के वंचित वर्गों को राजनीतिक पहचान और सम्मान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री और देश के रक्षा मंत्री के रूप में भी उन्होंने जनहित को सर्वोपरि रखा।

जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव ने कहा कि नेताजी का संघर्ष, सादगी, जनसेवा और सामाजिक समरसता के प्रति समर्पण समाजवादी आंदोलन की अमूल्य विरासत है। उनके विचार आज भी समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने की प्रेरणा देते हैं।

जंगीपुर विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में मरीजों के बीच फल वितरण का कार्यक्रम नेताजी की जनसेवा और गरीबों के प्रति संवेदनशीलता की विचारधारा को आगे बढ़ाने का प्रयास है। विधायक जैकिशन साहू ने कहा कि नेताजी ने समाजवादी विचारधारा और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके आदर्श हमेशा पार्टी कार्यकर्ताओं को जनहित में काम करने की प्रेरणा देते रहेंगे।

गोष्ठी का संचालन जिला महासचिव कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया। इस मौके पर पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद, राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, सुदर्शन यादव, डॉ. नन्हकू यादव, राजकुमार पांडेय, रविंद्र प्रताप यादव, संतोष यादव, दिनेश कुमार यादव, निजामुद्दीन खान, सुशील जायसवाल, तहसीन अहमद, सुनीता यादव, बिंदु बाला बिन्द समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button