कोतवाली पुलिस के हत्थे चढ़े हाईवे पर राहगीरों से लूट करने वाले चार शातिर बदमाश , तीन पिस्टल और तमंचा बरामद….।

गाजीपुर ।
हाईवे पर राहगीरों को हथियारों के बल पर भयभीत कर लूटपाट करने वाले चार शातिर बदमाशों को सदर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध पिस्टल, एक देशी तमंचा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। चारों की गिरफ्तारी मीरनपुर सक्का तिराहे के पास घेराबंदी कर की गई।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी रात के अंधेरे में हाईवे से गुजरने वाले राहगीरों को निशाना बनाते थे। हथियार दिखाकर उन्हें डराने-धमकाने के बाद लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देते थे। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सदर कोतवाली पुलिस ने मीरनपुर सक्का तिराहे के पास जाल बिछाया और चारों बदमाशों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पिन्टू कुमार बिंद, अमन चौधरी, राहुल यादव और कमलेश यादव के रूप में हुई है। चारों गाजीपुर कोतवाली क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। तलाशी के दौरान इनके पास से तीन .32 बोर की पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और एक .315 बोर का देशी तमंचा व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब इनके आपराधिक नेटवर्क, हाईवे पर हुई अन्य लूट की घटनाओं और संभावित साथियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
चार हथियारों की बरामदगी के साथ गिरफ्तारी ने हाईवे पर सक्रिय लूट गिरोह के नेटवर्क को लेकर पुलिस जांच तेज कर दी है।













