
गाजीपुर ।
हिंदी साहित्य के प्रतिष्ठित आंचलिक साहित्यकार डॉ. विवेकी राय की जयंती पर गुरुवार को उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस अवसर पर जोनल रेलवे ट्रेनिंग सेंटर परिसर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर साहित्यकार, समाजसेवी एवं उपस्थित लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने डॉ. विवेकी राय को आंचलिक चेतना का चिराग बताते हुए कहा कि उनका साहित्य भारतीय ग्रामीण जीवन, लोकसंस्कृति, किसान समाज और गांवों की संवेदनाओं का जीवंत दस्तावेज है। यश भारती सम्मान से सम्मानित डॉ. राय ने साहित्य की विभिन्न विधाओं में पांच दर्जन से अधिक कृतियों के माध्यम से हिंदी साहित्य को समृद्ध किया।
डॉ. विवेकी राय का जन्म 19 नवंबर 1924 को बलिया जनपद के भरौली गांव में अपने मामा बचाऊ राय के घर हुआ था। बचपन से ही मेधावी रहे डॉ. राय ने स्वाध्याय के बल पर एमए और पीएचडी की उपाधि हासिल की। उनका शिक्षकीय जीवन सोनवानी गांव से शुरू होकर गाजीपुर के नरही और बलिया के खरडीहा होते हुए स्नातकोत्तर महाविद्यालय गाजीपुर के हिंदी विभाग तक पहुंचा, जहां उन्होंने प्राध्यापक के रूप में अपनी सेवाएं दीं।
उनका लेखन बचपन से ही शुरू हो गया था, जो जीवनपर्यंत निरंतर चलता रहा। वे एक समर्थ किसान, समर्पित शिक्षक और ग्रामीण जीवन की आत्मा को शब्दों में पिरोने वाले साहित्यकार थे। प्रेमचंद और रेणु के बाद डॉ. विवेकी राय को आंचलिक चेतना के प्रमुख साहित्यकारों में गिना जाता है। जीवन के उत्तरार्द्ध में शहर में रहने के बावजूद उनकी संवेदनाएं और आत्मा गांवों में ही रची-बसी थीं। ग्रामीण समाज के उत्थान और उसकी समस्याओं को उन्होंने अपने साहित्य का केंद्र बनाया। उनके साहित्य पर अनेक शोधार्थियों ने पीएचडी और डी.लिट. की उपाधियां प्राप्त की हैं।
इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शिवकुमार, मनीष मिश्रा, कृपा कृष्ण (केके), विनीत दुबे, राजू उपाध्याय, चंद्रिका यादव, आरएन राय, संजीव कुमार, रतन कुमार (विक्की), आसिफ अंसारी, रिजवान, संदीप श्रीवास्तव, सुमित श्रीवास्तव, छवि पराशर, राम बचन गुप्ता, शशांक, अभिषेक कुमार, पीयूष आदि उपस्थित रहे। डॉ. विवेकी राय के पौत्र यशवंत राय ने उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।













