Blog

12 सूत्रीय मांगों को लेकर प्राथमिक शिक्षकों का बीएसए कार्यालय पर जोरदार धरना-प्रदर्शन, सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी…।

 

गाजीपुर ।

प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ की जनपद शाखा गाजीपुर की ओर से बुधवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान जिले भर से जुटे शिक्षकों ने अपनी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर आवाज बुलंद की और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आक्रोश जताया।

धरने की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जितेंद्र कुमार यादव ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री इसरार अहमद सिद्दीकी ने किया। सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि सरकार शिक्षकों की जायज समस्याओं और मांगों की लगातार अनदेखी कर रही है। शिक्षकों के धैर्य की परीक्षा ली जा रही है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो शिक्षक आगामी चुनाव में सरकार के प्रति अपना रुख तय करने के लिए बाध्य होंगे।

जिला मंत्री इसरार अहमद सिद्दीकी ने शिक्षकों से अपने अधिकारों और मांगों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक सरकार की कथित ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति से सावधान रहें तथा किसी भी परिस्थिति में अपनी एकजुटता कमजोर न होने दें। उन्होंने संगठन की मजबूती को शिक्षकों की सबसे बड़ी ताकत बताया।

धरने को आनंद प्रकाश यादव, भगवती तिवारी, दीपक जायसवाल, राजीव ओझा, नीलम, वीरेंद्र यादव, विजेंद्र यादव, राजेश सिंह, मोहम्मद आलिम, महातिम यादव, अरुण राय और वीरेश यादव सहित अन्य शिक्षक नेताओं ने संबोधित किया।

अंत में धरना समाप्त होने के बाद शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को अपनी 12 सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों ने मांगों के शीघ्र निस्तारण की अपेक्षा जताते हुए स्पष्ट किया कि उनकी समस्याओं की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button