छठ पूजा के दौरान तीन घरों में चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, पांच लाख के आभूषण बरामद…
72 घंटे के भीतर नंदगंज पुलिस ने किया चोरी का खुलासा, 30 हजार रुपये नकद और जेवरात समेत शत-प्रतिशत माल बरामद...

गाजीपुर ।
बीते छठ पूजा के दौरान घरों में ताला बंद कर घाट पर पूजा करने गए परिवारों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का नंदगंज पुलिस ने 72 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है । पुलिस ने चोरी की तीन घटनाओं में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 30 हजार रुपये नकद , करीब पांच लाख रुपये कीमत के आभूषण ,मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, छठ पर्व के दौरान नंदगंज थाना क्षेत्र में तीन घरों के ताले तोड़कर चोरी की घटनाएं हुई थीं । पीड़ित परिवार घर बंद कर छठ पूजा के लिए घाट पर गए थे । इसी दौरान चोरों ने घरों को निशाना बनाकर नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया था। मामले में थाना नंदगंज में मु0अ0सं0 361/2026 धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार, 19 नवंबर को उपनिरीक्षक हरीश चंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे । इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नंदगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कुसुम्ही कलां पोखरा के पास कूड़ाघर के समीप घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया । पूछताछ में उनकी पहचान धरवां गांव निवासी आशीष कुमार (20), रोहित कुमार (23) और आशीष कुमार (19) के रूप में हुई।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 30 हजार रुपये नकद, पीली धातु के तीन मंगलसूत्र लॉकेट, दो जोड़ी कान के टप्स, दो जोड़ी झुमके, एक जोड़ी झाला, एक छोटा हार, दो गले की सिकड़ी, तीन अंगूठियां और सात गुरिया बरामद कीं । इसके अलावा सफेद धातु की चार जोड़ी पायल , दो मल्टीमीडिया मोबाइल फोन और चोरी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई । बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है ।
इनमें से गिरफ्तार आरोपी आशीष कुमार पुत्र रविंद्र राम का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ नंदगंज थाने में चोरी से संबंधित पूर्व के दो मुकदमे दर्ज हैं । पुलिस तीनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
इस समस्त कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र और उपनिरीक्षक हरीश चंद्र सिंह सहित थाना नंदगंज की पुलिस टीम मुख्य रूप से शामिल रही ।













