गाजीपुर में डबल मर्डर से सनसनी: मां-बेटी की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या , घर में घुसकर वारदात को दिया अंजाम…।
नंदगंज के धरवां गांव में खौफनाक वारदात से मचा हड़कंप, एसपी विनय कुमार सिंह ने घटनास्थल का किया निरीक्षण; परिजनों ने एक व्यक्ति पर जताया शक...।

गाजीपुर ।
जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र के धरवां गांव में बुधवार सुबह दिल दहला देने वाली दोहरे हत्याकांड की वारदात सामने आई। घर में अकेली मौजूद मां और उसकी 12 वर्षीय मासूम बेटी की धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है ।
मृतकों की पहचान 35 वर्षीय जयमून निशा और उनकी 12 वर्षीय बेटी आईमन निशा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह दोनों घर में अकेली थीं। इसी दौरान हमलावर ने घर में घुसकर मां-बेटी पर चाकू से कई वार किए। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सुबह दोहरे हत्याकांड की खबर गांव में फैलते ही हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही नंदगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और वारदात का जायजा लिया।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मां-बेटी की हत्या का मामला सामने आया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। परिजनों ने एक व्यक्ति का नाम बताया है, जिसकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।
एक ही घर में मां और मासूम बेटी की निर्मम हत्या से धरवां गांव में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास कर रही है।













