Blog

गाजीपुर में 45 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, कीमत 22.50 लाख रुपये…।

एएनटीएफ और गाजीपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, चार पहिया वाहन, मोबाइल और नकदी बरामद....।

 

गाजीपुर ।

मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) थाना गाजीपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 45 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 22 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक चार पहिया वाहन, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 960 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ बलिया जिले के सिकंदरपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

एएनटीएफ की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, यह कार्रवाई 16 अक्टूबर 2026 को सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के डोमनपुरा में तहसील रोड पर मुन्‍ना पांडेय के घर के सामने की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित सिन्हा उर्फ शुभम सिन्हा उर्फ छोटू, निवासी बीर कुंवर सिंह कॉलोनी, नगर बक्सर, बिहार और विकास कुमार यादव, निवासी चंद्रपुरा, ब्रह्मपुर, बक्सर, बिहार के रूप में हुई है।

बिहार से गांजा लाकर आसपास के जिलों में करते थे सप्लाई —

पुलिस कि पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे बिहार से गांजा लाकर देवरिया और आसपास के जिलों में अपनी जरूरत के हिसाब से बेचते थे। बिक्री से होने वाले मुनाफे को आपस में बांट लेते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी गांजा बेचने के लिए देवरिया ले जा रहे थे, तभी टीम ने उन्हें पकड़ लिया। इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज —

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सिकंदरपुर, जनपद बलिया में मु0अ0सं0 254/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29/60 में मुकदमा दर्ज कराया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई —

यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश, अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था, अपर पुलिस महानिदेशक अपराध, लखनऊ तथा एएनटीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई। अभियान में एएनटीएफ थाना गाजीपुर की टीम के साथ सिकंदरपुर थाना पुलिस की टीम भी शामिल रही। पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क और आरोपियों के अन्य सहयोगियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button