गहमर स्टेशन पर पाटलिपुत्र-मुंबई एक्सप्रेस का ठहराव शुरू….।
नालंदा सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को किया रवाना, बोले- क्षेत्र के विकास और रेल सुविधाओं के लिए जदयू पूरी तरह प्रतिबद्ध...।

गहमर (गाजीपुर) ।
सैनिक बहुल गांव गहमर के रेलवे स्टेशन पर पाटलिपुत्र-मुंबई एक्सप्रेस के ठहराव की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई। बुधवार को नालंदा के सांसद एवं जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता कौशलेन्द्र कुमार ने गहमर रेलवे स्टेशन पर 12:46 बजे हरी झंडी दिखाकर पाटलिपुत्र-मुंबई एक्सप्रेस को रवाना किया। ट्रेन के ठहराव की शुरुआत को लेकर गहमर और आसपास के गांवों में उत्साह का माहौल रहा। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, सैनिक संगठन एवं रेल ठहराव समिति के सदस्य स्टेशन पर मौजूद रहे।
इस अवसर पर सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने पाटलिपुत्र एक्सप्रेस के ठहराव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रवक्ता विनीत कुमार तिवारी की तत्परता और कर्मठता के कारण इस क्षेत्र में ट्रेन का ठहराव संभव हो सका है। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन गहमर और आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी।
सांसद ने कहा कि पाटलिपुत्र एक्सप्रेस जगतजननी मां कामाख्या के चरणों में समर्पित है। उन्होंने वीरभूमि गहमर के सैनिकों, किसानों और समूचे क्षेत्र की जनता को नमन करते हुए कहा कि जमानियां विधानसभा क्षेत्र की किसी भी समस्या के समाधान के लिए जनता दल यूनाइटेड पूरी तरह उनके साथ खड़ा रहेगा।
उन्होंने कहा कि भदौरा स्टेशन पर फास्ट पैसेंजर ट्रेन के ठहराव तथा प्लेटफॉर्म पर कोच गाइडेंस डिस्प्ले लगवाने की मांग रेलवे अधिकारियों के समक्ष रखी जाएगी। जमानियां में ट्रेनों के ठहराव की मांग भी जदयू के प्रदेश प्रवक्ता विनीत कुमार तिवारी के पत्र के माध्यम से की जा चुकी है। इसके साथ ही जमानियां स्टेशन पर आउटर से आउटर फुट ओवरब्रिज की मांग भी रेलवे के समक्ष रखी गई है।
किसानों की मांगों का किया समर्थन
सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने विंध्य एक्सप्रेसवे को लेकर किसानों की मांगों का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जनता दल यूनाइटेड किसानों की मांगों के साथ खड़ा है। जरूरत पड़ने पर किसानों की आवाज भारत सरकार तक पहुंचाने के लिए पार्टी पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने गहमर-बारा परिक्षेत्र की जनता का कार्यक्रम में पहुंचने और ट्रेन के ठहराव को लेकर किए गए सहयोग के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
25 अक्टूबर का सम्मेलन अब एक नवंबर को
जदयू के प्रदेश प्रवक्ता विनीत कुमार तिवारी ने बताया कि वाराणसी में 25 अक्टूबर को प्रस्तावित कार्यकर्ता सम्मेलन अब एक नवंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पाटलिपुत्र एक्सप्रेस का पहला हॉर्न जगतजननी मां कामाख्या के चरणों में प्रणाम होगा, जबकि दूसरा हॉर्न गहमर परिक्षेत्र के सैनिकों, किसानों और पूरी जनता को सलाम होगा।
उन्होंने कहा कि गहमर में ट्रेन के ठहराव से क्षेत्र के लोगों को मुंबई सहित अन्य प्रमुख स्थानों तक आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। लंबे समय से चली आ रही मांग के पूरा होने से क्षेत्र की जनता में खुशी है।
हजारों की संख्या में पहुंचे लोग
ट्रेन के ठहराव के समय गहमर परिक्षेत्र के विभिन्न गांवों से हजारों की संख्या में लोग स्टेशन पर पहुंचे। इस कार्यक्रम में पूर्व विधायक जमानियां सुनीता सिंह, नौसाद खान, सुशील पटेल, सुरेंद्र सिंह, सुधीर कुमार सिंह, शाजिद खान, राजकुमार श्रीवास्तव, मिथिलेश सिंह, डॉ. वीएस पाण्डेय, मोहन गुप्ता, नवीन प्रकाश तिवारी, योगेंद्र कुशवाहा, सतेंद्र सिंह, सुफैल खान, संजय जायसवाल, सैनिक संगठन एवं रेल ठहराव समिति के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे। इसके अलावा श्री नर्वदेश्वर उपाध्याय, कन्हैया यादव, संजय उपाध्याय, सचितानंद उपाध्याय सहित गहमर परिक्षेत्र के विभिन्न गांवों के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
















