यूपीआई फ्रॉड के 30 हजार रुपये पुलिस ने कराए वापस…।
जंगीपुर साइबर हेल्प डेस्क की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को मिली राहत...।

गाजीपुर ।
साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जंगीपुर की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यूपीआई के माध्यम से साइबर फ्रॉड में ठगी गई 30 हजार रुपये की धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी।
पुलिस के अनुसार, थाना जंगीपुर क्षेत्र के ग्राम अरसदपुर निवासी विजय राजभर पुत्र शोभनाथ राजभर के भारतीय स्टेट बैंक के खाते से यूपीआई के माध्यम से कुल 30 हजार रुपये की साइबर ठगी हो गई थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद साइबर हेल्प डेस्क टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
उपनिरीक्षक जमालुद्दीन और कांस्टेबल आलोक कुमार मौर्या ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ठगी गई पूरी धनराशि 30 हजार रुपये पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी।
धनराशि वापस मिलने के बाद पीड़ित विजय राजभर ने जंगीपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया और धन्यवाद दिया।
पुलिस ने नागरिकों से साइबर अपराध से सतर्क रहने तथा किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंक संबंधी जानकारी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की अपील की है ।















