विदेश में नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले तीन गिरफ्तार…।
फर्जी काल सेंटर का भंडाफोड़, 3.54 लाख रुपये नकद समेत मोबाइल, सिम, एटीएम कार्ड व दो वाहन बरामद....।

गाजीपुर ।
विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर फेसबुक व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से साइबर ठगी करने वाले गिरोह का साइबर क्राइम थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3.54 लाख रुपये नकद, 10 मोबाइल फोन, 23 सिम कार्ड, 13 एटीएम कार्ड, कंप्यूटर, लैपटाप, प्रिंटर और दो चार पहिया वाहन बरामद किए हैं ।
साइबर क्राइम थाना में एक सीएससी संचालक ने शिकायत की थी कि अज्ञात लोगों ने अलग-अलग बहाने से उसके खाते में साइबर अपराध से अर्जित करीब 15 लाख रुपये मंगवाकर अगस्त से सितंबर के बीच नगद निकाल लिए। इसके बाद उसके खाते सहित अन्य खातों के फ्रीज और लीन होने पर मामले में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने सर्विलांस व साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरोह का मुख्य आरोपित सोहन राम मुंबई और दिल्ली में रहकर दूसरे लोगों के नाम पर सिम कार्ड और म्यूल बैंक खाते हासिल करता था। इसके लिए रिक्शा चालकों, सिम बेचने वाले और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को रुपये का लालच दिया जाता था। इन सिम कार्डों को कुरियर के माध्यम से उसके बेटे सूर्य प्रकाश अरोड़ा के पास गाजीपुर भेजा जाता था।
इसके बाद फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया पर विदेश में नौकरी के आकर्षक विज्ञापन प्रसारित किए जाते थे। विज्ञापन में दिए मोबाइल नंबर पर फोन करने वाले लोगों को सूर्य प्रकाश द्वारा संचालित फर्जी काल सेंटर के माध्यम से झांसे में लिया जाता था। काल सेंटर में कुछ युवतियों को भी नौकरी पर रखा गया था, जो शुरुआती फोन काल रिसीव करती थीं।

विदेश जाने के इच्छुक लोगों से पंजीकरण के नाम पर पांच हजार रुपये लिए जाते थे। इसके बाद बायोडाटा और पासपोर्ट की जानकारी लेकर फर्जी जॉब ऑफर लेटर भेजा जाता था और अलग-अलग मदों में और रुपये मांगे जाते थे। विश्वास कायम करने के लिए आरोपितों द्वारा डमी फ्लाइट टिकट तक बुक कराए जाते थे। रकम म्यूल खातों में मंगाने के बाद सीएससी संचालक के खाते में क्यूआर कोड के माध्यम से धनराशि भेजकर नगद या एटीएम के जरिए निकाल ली जाती थी।
पुलिस बरामद सिम कार्ड, मोबाइल और दस्तावेजों की जांच कर रही है। साथ ही आरोपितों द्वारा अब तक कितने लोगों से ठगी की गई है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की रिपोर्ट आई4सी, गृह मंत्रालय को भी भेजी जाएगी।
गिरफ्तार आरोपित: सोहन राम (45) निवासी सिपाह जहूराबाद, थाना बड़ेसर, सूर्य प्रकाश अरोड़ा (26) निवासी सिपाह जहूराबाद तथा फैजल खान उर्फ सन्नी (29) निवासी रजदेपुर, गाजीपुर।
पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक मो. रहमतुल्लाह खान, निरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल रविकांत जायसवाल, हेड कांस्टेबल राजकुमार, आरक्षी सुधाकर मिश्र और सर्विलांस सेल के आरक्षी मयंक सिंह।















