अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करें, जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें :– एसपी
गाजीपुर में अपराध समीक्षा बैठक और सैनिक सम्मेलन आयोजित, पुलिसकर्मियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश....।

गाजीपुर ।
जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने जिले के सभी सर्किल के क्षेत्राधिकारियों तथा समस्त थाना प्रभारियों और थानाध्यक्षों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न थाना क्षेत्रों में होने वाले अपराधों की प्रकृति और अपराधियों की गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान महिला संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा टॉप-10 अपराधियों, गुंडों, माफियाओं और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था और साक्ष्य संकलन को प्रभावी बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाने और उन्हें संबंधित व्यवस्था से लिंक करने, कंट्रोल रूम स्थापित करने तथा पुलिस बीट प्रणाली को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। इसके साथ ही पुलिस पेंशनरों की बैठक, जनसुनवाई प्रार्थना पत्रों, आईजीआरएस शिकायतों और ऑपरेशन दृष्टि/त्रिनेत्र की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनकर दिए समाधान के निर्देश
अपराध समीक्षा बैठक के बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में सैनिक सम्मेलन आयोजित किया। इसमें जनपद के विभिन्न थानों और शाखाओं से आए पुलिसकर्मियों की समस्याओं को सुना गया। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, सभी सर्किल के क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष तथा अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।















