Blog

ददरी घाट से लापता पांच वर्षीय रोहन की तलाश खत्म, शव मिलते ही परिवार में मचा कोहराम…।

जितिया के दिन गंगा में समाया था मासूम, 44 घंटे बाद गंगा किनारे झाड़ियों में मिला शव....।

गाजीपुर ।

जितिया पर्व के दिन ददरी गंगा घाट पर स्नान के दौरान गंगा में डूबे पांच वर्षीय मासूम रोहन का 44 घंटे बाद शव बरामद होने से परिवार में कोहराम मच गया। सोमवार सुबह सदर कोतवाली क्षेत्र के कोयला गंगा घाट के किनारे झाड़ियों में शव उतराया मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और अन्य विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मिश्रवलिया निवासी रामसेवक बिंद जितिया पर्व के दिन अपने दोनों बच्चों पांच वर्षीय रोहन और सात वर्षीय रोहित को लेकर ददरी गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। घाट पर अत्यधिक भीड़ होने के कारण वह बच्चों को लेकर पास के कच्चे घाट की ओर चले गए। इसी दौरान बच्चों को कंधे से उतारते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में गिर पड़े।

देखते ही देखते दोनों बच्चे गंगा की तेज धारा में बहने लगे। हादसा देख आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। किसी तरह सात वर्षीय रोहित को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन पांच वर्षीय रोहन का पता नहीं चल सका।

मासूम के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों और बचाव दल ने गंगा में रोहन की तलाश शुरू कर दी। करीब 44 घंटे तक गंगा में तलाश अभियान चलता रहा। सोमवार सुबह कोयला गंगा घाट के किनारे झाड़ियों में एक मासूम का शव उतराया दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी।

शव मिलने की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। रोहन का शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जितिया पर्व के दिन शुरू हुई मासूम की तलाश आखिरकार शव मिलने के साथ खत्म हो गई। घटना के बाद से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button