Blog

रामलीला रथ यात्रा मार्गों का संयुक्त निरीक्षण, दो-तीन दिन में दुरुस्त होंगी सड़कें…।

नालियों पर लगेंगे ढक्कन, पोखरा की होगी सफाई; प्रभु श्रीराम के सुरसरी पार करने के लिए नाव की भी होगी व्यवस्था...।

गाजीपुर ।

अति प्राचीन चलायमान रामलीला की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी छह अक्टूबर से शुरू होने वाली हरिशंकरी रामलीला के तहत प्रभु श्रीराम के वनगमन और रथ यात्रा के निर्धारित मार्गों का सोमवार को नगर पालिका प्रशासन एवं रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क, नाली और अन्य व्यवस्थाओं में मिली कमियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए गए।

परंपरा के अनुसार हाथ से खींचे जाने वाले रथ पर भगवान श्रीराम और लक्ष्मण नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए लंका मैदान पहुंचेंगे। रामलीला रथ यात्रा हरिशंकरी से शुरू होकर झुन्नुलाल चौराहा, आमघाट, कारगिल मार्केट, महुआबाग, सकलेनाबाद, विशेश्वरगंज होते हुए कौवा बारी स्थित अर्बन बैंक के पास से लंका मैदान पहुंचेगी। यहां 20 अक्टूबर को विजयादशमी का आयोजन होगा। लंका विजय के बाद प्रभु श्रीराम बाजे-गाजे के साथ इन्हीं मार्गों से वापस हरिशंकरी लौटेंगे।

निरीक्षण के दौरान रामलीला कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी समेत अन्य पदाधिकारी, नगर पालिका के सभासद, प्रतिनिधि और इंजीनियर मौजूद रहे। मार्ग में जगह-जगह खराब सड़क, गड्ढे और खुली नालियां मिलने पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी धीरेंद्र कुमार राय एवं पालिकाध्यक्ष श्रीमती सरिता अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

नगर पालिका प्रशासन ने दो से तीन दिनों के भीतर रामलीला रथ यात्रा के सभी प्रमुख मार्गों की मरम्मत कराने तथा आवश्यक स्थानों पर नालियों को ढक्कन से ढकने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही पहाड़ खान पोखरा की सफाई कराने और प्रभु श्रीराम के सुरसरी पार करने की लीला के लिए पोखरे में नाव की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

नगर पालिका परिषद ने रामलीला मार्गों के साथ ही दुर्गा पूजा पंडालों तक पहुंचने वाले मार्गों को भी जनहित में दुरुस्त कराने की बात कही है। प्रशासन का प्रयास है कि धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।

गौरतलब है कि गाजीपुर की अति प्राचीन चलायमान रामलीला की परंपरा सैकड़ों वर्षों से चली आ रही है। इस ऐतिहासिक रामलीला में नगर पालिका के साथ जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, विभिन्न विभागों तथा नगर के नागरिकों का भी सहयोग मिलता रहा है। इस बार भी रामलीला को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button