Blog

लंबित मांगों को लेकर एनएचएम संविदा कर्मचारियों का सांकेतिक विरोध…।

काला फीता बांधकर जताया विरोध, 8 से 10 अक्टूबर तक कार्य बहिष्कार और 12 को लखनऊ में धरने की चेतावनी...।

 

गाजीपुर ।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत संविदा पर कार्यरत कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सोमवार को कार्यस्थलों पर काला फीता बांधकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संगठन के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष राघवेंद्र शेखर सिंह ने किया।

कर्मचारियों ने कहा कि उनकी विभिन्न मांगें लंबे समय से शासन स्तर पर लंबित हैं। कई बार मांगों को अधिकारियों एवं शासन के समक्ष उठाए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से कर्मचारियों में आक्रोश है। इसी के चलते प्रदेश संगठन ने आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।

संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार पांच, छह और सात अक्टूबर को सभी संविदा कर्मचारी अपने-अपने कार्यस्थल पर काला फीता बांधकर विरोध जताएंगे। इसके बाद आठ, नौ और दस अक्टूबर को पूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इस दौरान कर्मचारी जनपद मुख्यालय स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी उनकी मांगों के समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई तो 12 अक्टूबर को लखनऊ में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन में गाजीपुर के संविदा कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

कर्मचारियों ने शासन और प्रशासन से उनकी लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है, ताकि आंदोलन को आगे बढ़ाने की आवश्यकता न पड़े और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button