
गाजीपुर ।
नोनहरा थाना क्षेत्र के चक कमरौरा गांव में बुधवार शाम भूमि की पैमाइश करने पहुंची पुलिस और राजस्व विभाग की टीम पर दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया ।
हमले में नोनहरा थाने के उपनिरीक्षक रामानंद सिंह समेत करीब चार से पांच राजस्वकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए गाजीपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है ।
जानकारी के अनुसार, गांव की रहने वाली प्रमिला देवी के शिकायत पत्र पर भूमि की पक्की पैमाइश के लिए मोहम्मदाबाद तहसीलदार के नेतृत्व में लेखपालों की टीम गांव पहुंची थी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए नोनहरा थाने के उपनिरीक्षक रामानंद सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल भी मौजूद था। पैमाइश के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने अचानक टीम पर हमला कर दिया ।

घटना के संबंध में लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने करीब 20 नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है ।
इसी घटना के दौरान गांव के एक युवक के लापता होने की भी सूचना है। ग्रामीणों के अनुसार, उन्होंने युवक को नदी में कूदते हुए देखा था। इसके बाद से उसका पता नहीं चल पाया है। युवक के नदी में डूबने की आशंका को देखते हुए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को बुलाया गया है, जो नदी में उसकी तलाश कर रही हैं ।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि प्रमिला देवी के शिकायती पत्र पर भूमि की पैमाइश के लिए मोहम्मदाबाद तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व टीम और सुरक्षा के लिए नोनहरा थाने की पुलिस टीम मौके पर गई थी। पैमाइश के दौरान टीम पर हमला किया गया, जिसमें पुलिसकर्मी और राजस्वकर्मी घायल हुए हैं। लेखपाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि दूसरे पक्ष की ओर से एक युवक के नदी में कूदने की बात कही गई है। उसके डूबने की आशंका को देखते हुए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को लगाया गया है। साथ ही इस संभावना पर भी जांच की जा रही है कि युवक रात के अंधेरे में तैरकर किसी दूसरे स्थान पर न चला गया हो ।















