अखिलेश यादव की चुनौती को श्री राम सेना ने स्वीकार किया : दिनेश सिंह
अयोध्या से मुख्यमंत्री के चुनाव लड़ने की घोषणा का किया स्वागत, कहा- 2027 में भाजपा की सरकार बनेगी...।

अयोध्या ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से अयोध्या से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ चुनाव लड़ने की चुनौती पर श्री राम सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश सिंह ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने अपने कार्यकर्ता पवन पांडेय को चुनाव मैदान में उतारने की बात कही है। इससे बेहतर होता कि अखिलेश यादव स्वयं अयोध्या से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ चुनाव लड़कर अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन करते।
दिनेश सिंह ने कहा कि चुनाव के मैदान में उतरने के बाद ही पता चलेगा कि कौन कितने पानी में है। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल सनातन धर्म का चोला ओढ़ लेने से कोई सनातनी नहीं हो जाता। उन्होंने कहा कि यदि अखिलेश यादव की वास्तव में भगवान श्रीराम के प्रति आस्था होती तो वह अयोध्या पहुंचकर श्रीराम मंदिर में दर्शन जरूर करते। उनके अनुसार, अखिलेश यादव अयोध्या केवल राजनीति करने आए और राजनीति करके चले गए।
श्री राम सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में अयोध्या सदर सीट से चुनाव लड़ाने का कार्यक्रम उनकी संस्था पहले ही बना चुकी है और इसके लिए जनसंपर्क अभियान भी चलाया जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या सदर सीट से चुनाव जीतेंगे और भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी।















