मंगई नदी में डूबे युवक का शव बरामद, जमीन की पैमाइश के दौरान हुए बवाल में हुआ था लापता…।
राजस्व और पुलिस टीम पर हुआ था हमला, एक पीएसआई समेत कई पुलिसकर्मी हुए थे घायल; मृतक के परिजनों को प्रशासन ने दी चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता....।

गाजीपुर ।
खबर गाजीपुर से है जहां नोनहरा थाना क्षेत्र के चक कमरौरा गांव में जमीन की पैमाइश के दौरान हुए बवाल के बाद मंगई नदी में डूबे युवक का शव शुक्रवार को बरामद कर लिया गया है ।
ज्ञात हो कि युवक सात अक्टूबर को जमीन की पैमाइश के दौरान हुए हंगामे के बीच लापता हो गया था । वही शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सात अक्टूबर को चक कमरौरा गांव में जमीन की पैमाइश के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था । इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने राजस्व विभाग और पुलिस की टीम पर हमला कर दिया था । इस हमले में एक पीएसआई समेत कई कांस्टेबल घायल हो गए थे ।

बताया जा रहा है कि बवाल के दौरान मची भगदड़ के बीच गांव का एक युवक मंगई नदी में डूब गया था । इस घटना के बाद से ही उसकी तलाश लगातार की जा रही थी । शुक्रवार को नदी से उसका शव बरामद हुआ । युवक की मौत की खबर से पूरे गाँव व परिजनों में शोक व्याप्त है ।
इस घटना के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है । वहीं, जिला प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है ।















