जंगीपुर पुलिस ने साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को वापस कराए 34,867 रुपये…।
साइबर हेल्प डेस्क की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को मिली राहत, खाते में वापस आई ठगी की रकम....।

गाजीपुर ।
जंगीपुर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने राहत दिलाई है। टीम की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित के खाते में ठगी की गई 34,867 रुपये की धनराशि वापस करा दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मानपुर गांव निवासी संदीप यादव पुत्र भोला यादव के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खाते से यूपीआई के माध्यम से साइबर धोखाधड़ी कर धनराशि निकाल ली गई थी। इसकी जानकारी मिलने पर जंगीपुर थाने की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने मामले में तत्काल कार्रवाई की।
उपनिरीक्षक जमालुद्दीन और कांस्टेबल आलोक कुमार मौर्य के प्रयास से पीड़ित के खाते में 34,867 रुपये की पूरी धनराशि वापस कराई गई। रकम वापस मिलने पर संदीप यादव ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर ठगी के पीड़ित को आर्थिक राहत मिली है।















