Blog

डी एम पब्लिक स्कूल में करंट लगने से सात वर्षीय छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम…।

जंगीपुर के डीएम पब्लिक स्कूल के प्ले ग्राउंड में टूटकर गिरा था बिजली का तार, परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लगाया लापरवाही का आरोप....।

गाजीपुर ।

जंगीपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर छह स्थित सरस्वती नगर के डीएम पब्लिक स्कूल में शनिवार सुबह करंट लगने से कक्षा तीन के सात वर्षीय छात्र उत्कर्ष गुप्ता की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, जंगीपुर वार्ड नंबर छह निवासी दिलीप गुप्ता का सात वर्षीय पुत्र उत्कर्ष गुप्ता शनिवार सुबह करीब आठ बजे परीक्षा देने के लिए विद्यालय पहुंचा था। परीक्षा और प्रार्थना शुरू होने से पहले वह अन्य बच्चों के साथ विद्यालय परिसर के प्ले ग्राउंड में खेल रहा था। इसी दौरान सुबह करीब 8:20 बजे एक बच्चे ने परिजनों को सूचना दी कि उत्कर्ष को बिजली का करंट लग गया है और उसे गाजीपुर स्थित मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बिजली के तार की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। उत्कर्ष अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक छोटी बहन अदिति भी है। बेटे की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

वहीं, विद्यालय के प्रधानाचार्य नीरज गुप्ता ने बताया कि रात में बंदरों के कारण बिजली का तार टूटकर प्ले ग्राउंड में गिर गया था। यह तार विद्यालय की चहारदीवारी के ऊपर लगाया गया था। इसी तार की चपेट में आने से छात्र को करंट लग गया।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्चरी हाउस भेज दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच और आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button