रामलीला मंच पर अधिकार की जंग: प्रशासन का कड़ा एक्शन, नई कमेटी के अध्यक्ष समेत चार गिरफ्तार….।
जमानियां के बलुवा घाट पर रामलीला आयोजन को लेकर बढ़ा विवाद, शांति भंग की आशंका में पुलिस ने किया चालान....।

गाजीपुर/जमानियां ।
नगर के ऐतिहासिक रामलीला मंच पर अधिकार को लेकर चल रहा विवाद शनिवार की शाम उस समय गहरा गया, जब प्रशासन की अनुमति के बावजूद दूसरी कमेटी ने मंच खाली नहीं किया। रविवार से प्रस्तावित रामलीला आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम भारी पुलिस बल के साथ बलुवा घाट पहुंची। इस दौरान नई कमेटी के अध्यक्ष समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले जाया गया, जहां उनके खिलाफ शांति भंग की आशंका में चालान की कार्रवाई की गई।
बता दे कि नगर में रामलीला आयोजन को लेकर श्री प्राचीन रामलीला समिति ट्रस्ट और समानांतर गठित नई कमेटी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। दो दिन पूर्व जिला प्रशासन ने श्री प्राचीन रामलीला समिति ट्रस्ट के अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता के पक्ष में निर्णय लेते हुए उन्हें रामलीला आयोजन की आधिकारिक अनुमति प्रदान की थी। इसके बावजूद नई कमेटी के सदस्य बलुवा घाट स्थित रामलीला मंच पर अपना धार्मिक कार्यक्रम आयोजित कर रहे थे।
शनिवार की सुबह कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नई कमेटी के सदस्यों को मंच खाली करने का निर्देश दिया था। हालांकि, निर्देश के बावजूद कार्यक्रम जारी रहा। शाम को कोतवाल योगेंद्र सिंह और नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ बलुवा घाट पहुंचे। इस दौरान दिलदारनगर, गहमर, सुहवल, नगसर और रेवतीपुर थानों की पुलिस भी मौजूद रही।
इसी बीच ट्रस्ट के लोग रामलीला मंच पर पहुंचे तो नई कमेटी के सदस्यों ने विरोध जताया। विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नई कमेटी के चार प्रमुख लोगों को हिरासत में ले लिया। इनमें कमेटी के अध्यक्ष अरविंद वर्मा, नारायण दास चौरसिया, गोविंद दास चौबे और मुन्ना गुप्ता शामिल हैं।
इस कार्रवाई के दौरान बलुवा घाट पर नगरवासियों की भारी भीड़ जुट गई। स्थिति को देखते हुए एहतियातन घाट पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
इस बाबत कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि प्रशासन शांतिपूर्ण ढंग से रामलीला आयोजन संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कार्रवाई की गई है। रविवार से प्रस्तावित रामलीला आयोजन को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है ।















