झोपड़ी में आग लगने से गृहस्थी का सामान जलकर राख, खुले आसमान के नीचे आया परिवार….।
बेलसड़ी गांव में अगलगी से नकदी समेत लाखों का सामान नष्ट होने की आशंका, आर्थिक तंगी से जूझ रहा पीड़ित परिवार....।

भांवरकोल (गाजीपुर) ।
थाना क्षेत्र के बेलसड़ी गांव में रविवार दोपहर अचानक झोपड़ी में आग लगने से बृजभान यादव की गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से झोपड़ी, टीनशेड, नकदी और उसमें रखा घरेलू सामान नष्ट हो गया। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर बृजभान यादव की झोपड़ी में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। हालांकि, ग्रामीण जब तक आग पर काबू पाते, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इसकी चपेट में आकर एक झोपड़ी, एक टीनशेड और उसमें रखा गृहस्थी का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।
बताया जा रहा है कि बृजभान यादव की आर्थिक स्थिति पहले से ही बेहद दयनीय है। अगलगी की इस घटना ने परिवार की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। घर का सामान और नकदी जल जाने से परिवार के पास जीवनयापन के लिए भी गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। अगलगी के बाद परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है।
घटना की जानकारी मिलने पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अनिल यादव ने पीड़ित परिवार की मदद का भरोसा दिया। उन्होंने बताया कि गांव के लोग परिवार की सहायता के लिए प्रयास कर रहे हैं और हरसंभव मदद की जाएगी।
वहीं, ग्राम सचिव कृपेश कुमार मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी तहसील अधिकारियों को दी। तहसीलदार महेंद्र बहादुर ने बताया कि राजस्व कर्मी को मौके पर भेजकर जांच आख्या मांगी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।















