
गाजीपुर ।
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए संचालित मिशन शक्ति फेज 6.0 अभियान के छठवें दिवस पर शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सम्मान एवं फीडबैक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से पारिवारिक विवादों का सफल निस्तारण कराने वाले पांच दंपतियों और संबंधित काउंसलरों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति केंद्र एवं परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से आपसी मतभेदों और पारिवारिक विवादों का समाधान कराकर परिवारों में दोबारा सामंजस्य स्थापित करने के प्रयासों की सराहना की गई। सम्मानित होने वाले दंपतियों में रोशनी कुमारी एवं विवेक कुमार राजभर, रोजीना खातून एवं एकलाख शाह, रूबी खातून एवं इरफान अली, सुमन वर्मा एवं राहुल वर्मा तथा राजू बिंद एवं लक्ष्मी देवी शामिल रहे।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पारिवारिक विवादों को आपसी सहमति, संवाद और परामर्श के माध्यम से सुलझाना तथा परिवारों में सौहार्द एवं सामंजस्य बनाए रखना है। इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
बता दे कि पुलिस विभाग के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने और पारिवारिक समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर (नोडल अधिकारी), मिशन शक्ति प्रभारी, परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे ।















