वरिष्ठ छायाकार विनय प्रकाश सिंह यादव को पत्रकारों ने दी श्रद्धांजलि…।

शोकसभा में भावुक हुए पत्रकार, सहज व्यवहार और आत्मीय संबंधों को किया याद….।
गाजीपुर, 9 सितंबर ।
दैनिक जागरण के वरिष्ठ छायाकार एवं गाजीपुर पत्रकार एसोसिएशन के सम्मानित सदस्य विनय प्रकाश सिंह यादव के आकस्मिक निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है। सोमवार की रात हृदयाघात से उनका निधन हो गया था। मंगलवार को अति प्राचीन श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
दिवंगत पत्रकार साथी की आत्मा की शांति के लिए बुधवार को गाजीपुर पत्रकार एसोसिएशन कार्यालय पर शोकसभा आयोजित की गई। दोपहर 12:30 बजे आयोजित शोकसभा में पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने विनय प्रकाश सिंह यादव के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस शोकसभा के दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वक्ताओं ने उनके लंबे पत्रकारिता जीवन, सहज एवं सरल व्यवहार तथा साथी पत्रकारों के साथ उनके आत्मीय संबंधों को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि विनय प्रकाश सिंह यादव का अचानक निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपनी कार्यशैली और व्यवहार से पत्रकार साथियों के बीच जो सम्मान और आत्मीयता अर्जित की, उसे लंबे समय तक याद किया जाएगा।
शोकसभा में पत्रकार एसोसिएशन के संरक्षक अशोक श्रीवास्तव, निवर्तमान अध्यक्ष सूर्यवीर सिंह, वरिष्ठ पत्रकार अविनाश प्रधान, रविकांत पाण्डेय, देवब्रत विश्वकर्मा, विनित दुबे, विनोद गुप्ता, आलोक त्रिपाठी एवं अजय शंकर तिवारी समेत बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। अति प्राचीन रामलीला कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी ‘बच्चा’ सहित अन्य लोगों ने भी दिवंगत पत्रकार को श्रद्धांजलि अर्पित की।
शोकसभा के अंत में उपस्थित लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। इस दौरान माहौल बेहद भावुक रहा और साथी पत्रकारों ने विनय प्रकाश सिंह यादव की स्मृतियों को साझा कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया।



