गाजीपुर में 26 से 28 सितंबर तक लगेगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरदिल्ली एम्स, अपोलो और बीएचयू के विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे सेवाएं…।

गाजीपुर में 27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक जरूरतमंद मरीजों के ऑपरेशन की भी व्यवस्था….।
गाजीपुर।
सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद में 26 से 28 सितंबर तक बृहद निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शहर के लंका मैदान स्थित रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले इस शिविर में दिल्ली एम्स, अपोलो, बीएचयू समेत अन्य प्रतिष्ठित अस्पतालों के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों को परामर्श और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगे। शिविर की जानकारी भाजपा नेता अभिनव सिन्हा ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के पुत्र अभिनव सिन्हा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू किए गए सेवा संकल्प अभियान के तहत एक महीने तक विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गाजीपुर में बृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ सर्जन भी मौजूद रहेंगे। जरूरतमंद मरीजों के ऑपरेशन की व्यवस्था 27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक की गई है। इसके माध्यम से ऐसे लोगों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, जो आर्थिक या अन्य कारणों से बड़े शहरों में जाकर उपचार नहीं करा पाते हैं।
आयोजकों के अनुसार, शिविर से करीब 12 से 15 हजार लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। मरीजों की सुविधा के लिए क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। आयोजकों ने जरूरतमंद लोगों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।



