आशा कार्यकर्ताओं की बैठक में स्वास्थ्य मेले के प्रचार-प्रसार पर जोर….।
गर्भवती महिलाओं की जांच, आयुष्मान कार्ड और संचारी रोग नियंत्रण अभियान पर भी हुई चर्चा...।

मोहम्मदाबाद (गाजीपुर) ।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद के अंतर्गत खंड विकास अधिकारी सभाकक्ष में क्षेत्र की समस्त आशा कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता सीएचसी अधीक्षक डॉ. आशीष राय ने की। बैठक में आगामी 26, 27 एवं 28 सितंबर को जनपद में आयोजित होने वाले वृहद स्वास्थ्य मेले को लेकर ग्राम स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

सीएचसी अधीक्षक डॉ. आशीष राय ने आशा कार्यकर्ताओं को स्वास्थ्य मेले में पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी देते हुए निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ग्रामीणों को मेले के बारे में जागरूक करें। उन्होंने छोटे-छोटे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को स्वास्थ्य मेले में पहुंचकर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करने को कहा। साथ ही सेवा संकल्प अभियान के तहत 25 सितंबर को ब्लॉक मुख्यालय मोहम्मदाबाद में आयोजित होने वाले स्वास्थ्य मेले में अधिक से अधिक लोगों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए।
बैठक में गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व एवं प्रसव पश्चात जांच, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) वाली महिलाओं की पहचान और उनके सुरक्षित प्रसव को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। वहीं आयुष्मान योजना के तहत पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर विशेष जोर दिया गया। 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों तथा जीरो पावर्टी योजना के पात्र लाभार्थियों के कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनवाने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा आगामी माह में प्रस्तावित विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका और ग्राम स्तर पर लोगों को बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
बैठक में ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक संजीव कुमार, क्षेत्रीय आशा संगिनी, आशा कार्यकर्ताओं के साथ ब्लॉक प्रमुख मोहम्मदाबाद अवधेश राय एवं खंड विकास अधिकारी मोहम्मदाबाद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आशा कार्यकर्ताओं से स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।












