Blog

भांवरकोल में हत्या के मामले में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार, पुलिस ने पलिया बीरपुर मोड़ से दबोचा…।

अजय यादव हत्याकांड में करीब पांच महीने से चल रहा था फरार, एसपी ने घोषित किया था 25 हजार रुपये का इनाम...।

 

गाजीपुर ।

भांवरकोल थाना क्षेत्र में हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार, 27 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर उसे पलिया बीरपुर मोड़ से दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बीरपुर गांव निवासी 20 वर्षीय सूरज राजभर पुत्र हरिनरायण राजभर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, बीते 24 जून 2026 को श्रीकान्त यादव ने अपने पुत्र अजय यादव की हत्या के संबंध में भांवरकोल थाने में तहरीर दी थी। इस मामले में पुलिस ने सूरज राजभर समेत 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 140/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी।

इस मामले में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक की ओर से 2 सितंबर 2026 को सूरज राजभर सहित संबंधित अभियुक्तों पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

शुक्रवार को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष राजीव कुमार पाण्डेय ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।

इस गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजीव कुमार पाण्डेय सहित थाना भांवरकोल की पुलिस टीम शामिल रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button